By: मीनू सिंह
March 29, 2024 at 10:37 AM28 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स ने अपने घरेलू मैदान पर शानदार जीत दर्ज की। राजस्थान रॉयल्स के ऑलराउंड रियान पराग ने इस मैच में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने 45 गेंदों पर 84 रनों की तूफानी पारी खेली। यह रियान के आईपीएल करियर का सबसे अच्छा स्कोर है। रियान की इस पारी की बदौलत राजस्थान ने इस सीजन में लगातार अपनी दूसरी जीत दर्ज की है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रियान पराग ने अपना दम दिखाया। आईपीएल के 5 साल के करियर में रियान का यह अबतक का सबसे अच्छा स्कोर है। रियान ने पूरे 2 साल बाद किसी टीम के खिलाफ अर्धशतक जड़ा है। राजस्थान रॉयल्स की ओर से 2019 में डेब्यू करने वाले इस खिलाड़ी के लिए पिछले कुछ सीजन अच्छे नहीं रहे। इससे पहले रियान का सबसे अच्छा रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 2022 में 31 गेंदों पर 56 रनों की थी।
रियान पराग पिछले 2 मैचों से शानदान फॉर्म में नजर आ रहे हैं। उन्होंने इससे पहले लखनऊ के खिलाफ हुए मैच में भी अपना शानदार प्रदर्शन दिखाया था। रियान ने लखनऊ के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन के साथ मिलकर 93 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की थी।
पिछले कुछ सालों से रियान अच्छे फॉर्म में नहीं थे, जिस कारण उन्हें फैंस के द्वारा बहुत ट्रोल किया जा रहा था। रियान के लिए आईपीएल 2023 का सीजन बेहद खराब रहा। जिसके चलते उनकी काफी आलोचना हुई थी। पिछले सीजन में उन्होंने सिर्फ 7 मैच खेले, जिसमें उनके बल्ले से 78 रन ही बने थे। 2022 में भी उनका बल्ला खामोश ही रहा था। इसके बावजूद राजस्थान रॉयल्स ने रियान पर विश्वास दिखाया और रियान टीम की उम्मीदों पर खड़े उतरे। जब टीम को उनकी जरूरत थी तो उन्होंने टीम के लिए महत्वपूर्ण रन जोड़े।